उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अजीतमल। शनिवार को रक्षाबंधन के चलते सड़कों पर निकली भीड़ से तिराहा जाम से कराह उठा। रक्षाबंधन को लेकर दो दिनों से बाजार व सड़कों पर भीड़ उमड़ रही है। ज्यादा भीड़ के कारण अजीतमल तिराहे पर सुबह से ही जाम हावी हो गया। जाम से पूरे दिन राहगीर जूझते रहे। इस दौरान दो एंबुलेस मरीजों को लेने निकलीं लेकिन वह जाम में फंस गईं। आधा घंटा से ज्यादा समय तक एंबुलेंस फंसने से चालक परेशान थे। उधर, मरीज के परिजन फोन करके हलकान थे।
एंबुलेंस न पहुंचने से मरीजों की हालत भी बिगड़ रही थी। ऐसे में चालकों व स्थानीय लोगों की मशक्कत के बाद एंबुलेंस को जाम से निकाला जा सका।लोगों ने बताया कि तिराहे पर पुलिस पिकेट न होने से अक्सर जाम लगा रहता है। शुक्रवार को भी तिराहे पर भीषण जाम लगा था। तब फफूंद जाते समय सीओ एमपी सिंह भी जाम में फंस गए थे। करीब आधा घंटे तक जाम न खुलने पर सीओ को गाड़ी से उतरकर आना पड़ा था। उन्होंने खुद कमान संभालकर जाम खुलवाया था। दो दिनों से लग रहे जाम के बाद भी अजीतमल पुलिस के ऊपर कोई फर्क नहीं दिख रहा है।
अब तक तिराहे पर पुलिस पिकेट की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। सीओ एमपी सिंह ने बताया कि तिराहे पर पुलिस पिकेट न होने से जाम की समस्या हो रही है। अधिकारियों को समय पर पहुंचना पड़ता है लेकिन जाम की वजह से नहीं पहुंच पाते। शुक्रवार को उन्हें फफूंद पहुंचना था लेकिन जाम से लेट हो गए। यहां दो दिन से भीषण जाम लग रहा है। शनिवार को मरीजों को लेकर जा रही दो एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। जाम में फंसकर मरीज कराहते नजर आए और एंबुलेंस चालक जाम से निकलने के लिए छटपटाते रहे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह जाम खुलवाया। तब कहीं एंबुलेंस निकल सकी।


































