उत्तर प्रदेश के औरैया मे भीषण गर्मी के बीच सोमवार 11 बजे के करीब हुई वर्षा ने लोगों को काफी हद तक राहत दी। सुबह निकली चटक धूप के बाद अचानक बदले मौसम को लेकर लोग संभल पाते इससे पहले बारिश ने असर दिखा दिया। नवीन मंडी में तौल के लिए जमा किसानों की उपज बारिश से भीग गई। जून माह के शुरुआत से ही अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार चल रहा था। सोमवार सुबह से खिली चटक धूप थी। शाम को अचानक से आसमान में बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश हुई। करीब आधे घंटे की बारिश ने न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंचा दिया। नवीन मंडी में सोमवार का दिन काफी भगदड़ वाला रहा। यहां टिनशेड के बजाय खुले में उपज की तौल कराई जाती है। अचानक आई बारिश ने किसानों की उपज भीग गई। छनाई व तौल में लगे श्रमिक गेहूं, उड़द व मूंग को समेटते इससे पहले बारिश ने अपना काम पूरा कर दिया। लोग इधर से उधर भागते नजर आए। देर शाम तक आसमान में बादल छाए रहे। जिसका लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। ग्वारी कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनंत कुमार ने बताया कि सोमवार को दो एमएम बारिश का रिकार्ड दर्ज किया है। अगले पांच दिनों तक आसमान में बदली छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। बताया कि मंगलवार को दिन व रात में नौ एमएम तक बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद होगी। किसान अपने खेतों की समय से जुताई कर धान की तैयारी करें। सोमवार 11 बजे के करीब हुई बारिश के बाद बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह जर्जर तारों में फाल्ट हुए। शहर में दो घंटे तक उपकेंद्र एक से बिजली सप्लाई बाधित रही। तेज हवा चलने और बारिश होने के कारण कई जगह जंफर टूटने से फाल्ट की समस्या रही। लाइनमैनों ने फाल्ट ठीक कर शहर की आपूर्ति बहाल की।


































