उत्तर प्रदेश के मेरठ मे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर सुरक्षा में तैनात सरधना के सिपाही गोपीचंद की हत्या के बाद कई परतें खुलकर सामने आ रही हैं। अब तांत्रिक और हेड कांस्टेबल की प्रेमिकाओं को भी जांच में शामिल करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। अभी तक की जांच में सामने आ रहा है कि हत्याकांड में तांत्रिक के अलावा कोई अन्य भी शामिल हो सकता है।तांत्रिक की प्रेमिका की लोकेशन चित्रकूट में मिल रही है। तांत्रिक ने हेड कांस्टेबल से जो रकम ली थी, वह अपनी प्रेमिका के पास ही भेजी थी। इसके अलावा उसका भी पता किया जा रहा है जिससे हेड कांस्टेबल शादी करना चाहता था। दोनों को जांच में शामिल कर पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता चल सके कि उन्हें तांत्रिक और हेड कांस्टेबल की करतूत के बारे में जानकारी थी या नहीं। अगर जानकारी के सबूत मिलते हैं तो उन्हें भी साजिश में शामिल होने का आरोपी बनाया जाएगा।16 साल से चल रहा था तांत्रिक का खेल, विधायक ने बनवाया था आश्रम हस्तिनापुर। हत्या के आरोप में जिस तांत्रिक गणेशानंद उर्फ गनपतलाल को गिरफ्तार किया गया है, वह हस्तिनापुर में करीब 16 साल से तंत्र-मंत्र का खेल चला रहा है। वह कई बार विवादों में भी आया, लेकिन पुलिस ने कभी गंभीरता से नहीं लिया। बताया जा रहा है कि जिस आश्रम में तांत्रिक तंत्र-मंत्र करता था, वह 16 साल पहले सत्ताधारी पार्टी के एक विधायक ने बनवाया था। इसका नाम श्री बिदुरधाम आश्रम रखा गया था। आश्रम में दो कमरे नीचे पक्के बने हुए हैं। ऊपर एक छत है। स्थानीय लोगों ने बताया कि तांत्रिक के पास अधिकतर निसंतान दंपती आते थे। कई बार सड़क पर बैठकर भी तंत्र क्रिया करते हुए उसे देखा गया था।हेड कांस्टेबल गोपीचंद की हत्या के बाद पुलिस उसकी पूरी कुंडली खंगाल रही है। जांच में सामने आया कि गोपीचंद चार महिलाओं के संपर्क में था। एक महिला की कुछ समय पहले मौत भी हो चुकी थी। प्रेमिका से शादी के लिए ही वह अपनी पत्नी की हत्या कराना चाहता था। वह पूरी योजना के साथ काम कर रहा था। उसने अपनी पत्नी के नाम पर करीब 31 लाख का लोन भी लिया था। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी का कहना है कि गंगा नदी में हेड कांस्टेबल के शव तलाश के लिए पुलिस टीम बनाई है।


































