उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अजीतमल। यमुना में एक बार फिर से जलस्तर बढ़ने लगा है। सोमवार सुबह से लगातार जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। इससे यमुना के आसपास बसे गांव के लोगों में दहशत है। यमुना उफान पर होने से प्रशासन भी अलर्ट है।वहीं सिकरोड़ी गांव के किनारे बने श्मशान घाट के पास तक यमुना का पानी पहुंच गया है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए तहसील अजीतमल द्वारा बाढ़ क्षेत्र की चौकियों को अलर्ट जारी किया गया है।
जलस्तर बढ़ने से सिकरोड़ी, गौहानी कलां, गौहानी खुर्द, जाजपुर, असेवटा, असेबा, जुहीखा, बडेरा, गूंज ततारपुर, बबाईंन आदि गांव को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ सकती है। एसडीएम निखिल राजपूत तथा तहसीलदार अविनाश कुमार लगातार बाढ़ क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने यमुना के किनारे बसे गांव गौहानी कलां, सिकरोड़ी, बड़ैरा, गूंज व ततारपुर आदि के लोगों से मुलाकात कर उनसे हाल चाल जाना। उन्होंने बताया कि चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि यमुना का जलस्तर सोमवार की शाम तक 108.6 मीटर तक पहुंच गया है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। तहसील प्रशासन सहित सभी विभागों के कर्मचारियों को गांव में पहुंचकर लोगों को जागरूक करने को कहा गया है।
साथ ही ग्रामीणों के पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने आदि के लिए कहा गया है। संभावित बाढ़ से निपटने तथा बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए इन सरकारी भवनों को चिह्नित किया गया है। इनमें प्राथमिक विद्यालय हनुमानगढ़ी, बड़ैरा, शाला, छोटी गूंज व बीजलपुर शामिल हैं। राजस्थान के कोटा बैराज से छोड़े गए तीन लाख क्यूसेक पानी का बहाव सोमवार की सुबह तक जनपद क्षेत्र की यमुना में पहुंच गया। जिससे अचानक यमुना का जल स्तर तेजी से बढ़ना शुरू हो गया। लगातार बढ़ रहे जलस्तर के चलते गौहानी कलां मार्ग पर बनी पुलिया के नीचे तक पानी पहुंच गया है