उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में आज सावन के पहले सोमवार पर देवालयों में भक्तों का हुजूम उमड़ेगा। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रविवार को ही इसकी तैयारी पूरी कर ली। रूट डायवर्जन से लेकर पार्किंग व कंट्रोल रूम स्थापित किया गया।देवकली मंदिर में इस बार एक-एक करके ही श्रद्धालु मंदिर में दाखिल हो सकेंगे। इसके लिए बैरियर लगा दिया गया है। वहीं वाहनों को मंदिर परिसर से 100 मीटर पहले ही रोकने के लिए बेरीकेडिंग लगाई गई है।खानपुर होकर जाने वाले रास्ते पर दो पार्किंग सड़क किनारे बनाई गई हैं। एक पार्किंग में ऑटो व ई-रिक्शा व दूसरे में निजी वाहन खड़े करने की व्यवस्था की गई है। वहीं जालौन रोड किनारे भी दो जगह वाहनों की अस्थायी पार्किंग बनाई गई है।
इन प्वाइंटों पर पुलिस के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रहेगी। उधर, मंदिर में सावन के पहले सोमवार को लेकर विशेष शृंगार होगा। सजावट के साथ ही धार्मिक अनुष्ठान की तैयारी की गई है। मुख्य मार्ग से लेकर भोलेनाथ के शिवलिंग तक भक्तों को कतार में पहुंचाने की व्यवस्था है। देवकली मंदिर परिसर में पुलिस ने अपना कंट्रोल रूम बनाया है। जहां पर माइक से एनाउंस की व्यवस्था की गई है। साथ ही मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी।सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसे लेकर जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। किसी भी तरह की लापरवाही न हो इसे लेकर जिम्मेदारों को सजग कर दिया गया है।

































