उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एरवाकटरा। सोमवार को हुए सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत के बाद आखिरकार पुलिस की नींद टूटी। पुलिस ने आधी सड़क घेरकर मक्का सुखाने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया। गांव जयसिंहपुर तिराहे के पास किशनी-बिधूना मार्ग पर स्थानीय किसान सड़क पर मक्का फैलाकर सुखाते हैं। इसके चलते सोमवार को सड़क के दायीं ओर की लाइन से जा रहा बाइक सवार परिवार ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। दुर्घटना में मां और तीन वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई थी। हादसे के बाद पुलिस चेती और दुर्घटना के दौरान सड़क पर मक्का सुखाने वाले लोगों के बारे में पूछताछ की।
घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से मक्का सुखाने वालों की पहचान हुई।दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर व चालक की तलाश के लिए पुलिस ने जयसिंहपुर तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि सड़क पर मक्का सुखा रहे तीन लोगों पर कार्रवाई की गई है।मंगलवार को पुलिस ने सड़क पर मक्का सुखाने वाले जयसिंहपुर निवासी कौशल किशोर, कार्तिक यादव व जनपद कन्नौज थाना सकरावा क्षेत्र के गांव सिमरिया निवासी कश्मीर सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की और सभी को गिरफ्तार किया। इसके बाद चालान कर पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों ने अभी घटना की तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है

































