उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में में भी वर्ष 2025-26 व 2026-27 में 4555 सोलर पावर संयंत्र का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न सरकारी विभागों को भी लक्ष्य आवंटित किया है। विद्युत वितरण खंड औरैया व दिबियापुर को 1500-1500 सोलर पावर संयंत्र व डीआईओएस को भी 1000 सोलर पावर संयंत्र की स्थापना का लक्ष्य मिला है। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक को भी 500 सोलर पावर संयंत्र का टारगेट दिया गया है। इस कार्य के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में जनपद में 16 वेंडर चयनित हैं।
इनके अलावा जनपद इटावा के वेंडर भी जनपद में सोलर पावर संयंत्र लगाने में जुटे हैं।डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने सोलर पावर संयंत्र स्थापना के लिए विभागों को लक्ष्य की पूर्ति के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने परियोजना अधिकारी नेडा को ब्लॉकों में प्रदर्शनी भी लगवाने को कहा है। ताकि प्रदर्शनी के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोग पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में रूफटॉप सोलर पावर संयंत्र स्थापना को प्रेरित हों। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में मिले लक्ष्य को पूरा करने में अब सरकारी विभाग भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
यह लोगों को प्रेरित कर सोलर पावर संयंत्र भी लगवाएंगे। योजना में मिले लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभागों ने कवायद शुरू कर दी है।बिजली की खपत कम करने व सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना चालू की गई है। इस योजना में ज्यादा से ज्यादा लोगों को सोलर पावर संयंत्र लगाने पर जोर है।

































