उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में बुधवार रात को अचानक मौसम बदल गया। 40 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चली, बादल गरजे और देर रात प्री मानसूनी बारिश हो गई। सीएसए की मौसम वेधशाला में 24.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम बदलने से दिन का पारा सामान्य तापमान 40.4 डिग्री से 6.3 डिग्री नीचे आ गया। रात का पारा सामान्य तापमान 25.8 डिग्री से 5.2 डिग्री नीचे आया है। सुबह के समय माहौल में नमी का प्रतिशत बढ़कर 84 हो गया। दोपहर को माहौल में 55 प्रतिशत नमी रही है।बिल्हौर तहसील के चौबेपुर के जगुआपुरवा गांव निवासी पेंटर संतोष वर्मा (35) गर्मी की वजह से पुत्र शिवांशु (10) व बेटी सपना (6) के साथ घर के बाहर छज्जे के नीचे चारपाई पर सो रहे थे।
बुधवार रात तेज आंधी में छज्जा गिरने से मलबे में दबकर संतोष की मौत हो गई। दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना एसडीएम बिल्हौर रश्मि लांबा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मुख्यमंत्री दैवी आपदा योजना के तहत पांच लाख रुपये की तत्काल सहायता के लिए बैंक कर्मी को माैके बुलाकर बैंक खाता खुलवा दिया। उन्होंने बताया कि 48 घंटे के अंदर सहायता राशि खाते में पहुंच जाएगी।
बुधवार रात आई तेज आंधी-बारिश से चौबेपुर में छज्जा भरभराकर ढहने से वहां से सो रहे युवक की मौत हो गई। घाटमपुर में नीम का पेड़ वृद्धा पर जा गिरा, इससे उनकी मौत हो गई। वहीं, भीतरगांव में चारपाई से उठने की कोशिश कर रहे किसान की तेज हवा के झोंके से छत से नीचे गिरने से मौत हो गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 27 मई तक इसी तरह का मौसम रहेगा। तेज रफ्तार से हवाएं चल सकतीं और बारिश भी हो सकती है।

































