उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में विठौली थाना के बिहार गांव निवासी दीपू सविता (25) पुत्र जगदीश सिंह, भाभी संध्या (33) पत्नी धर्मेंद्र सिंह व भतीजे अनुराग (10) पुत्र धर्मेंद्र के साथ हनुमंतपुर चौराहा से बाजार करके घर लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर सवार नगला चौप निवासी अभिषेक उर्फ ललित (22) पुत्र सुरेंद्र सिंह यादव व बिठौली निवासी कमल सिंह (25) पुत्र अभिलाख सिंह नगला चौप की तरफ से आ रहे थे। सहसों और विठौली के बार्डर स्थित पिपरौली गढ़िया गांव के पास दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें दीपू सविता व उसके भतीजे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक दीपू के भतीजे कुलदीप की 20 अप्रैल को बरात जानी है। इसके चलते परिजन शादी की तैयारी में जुटे थे। हादसा की सूचना मिलते ही शादी की खुशियां गम में बदल गईं। वहीं, संध्या, अभिषेक उर्फ ललित व कमल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र राजपुर भिजवाया। हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद दूसरी बाइक सवार अभिषेक उर्फ ललित को भी मृत घोषित कर दिया जबकि उसके साथी कमल को आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है

































