मेरठ समाचार उत्तर प्रदेश के मेरठ में जिले के सहारनपुर से दिल्ली जाते हुए शिवाय टोल प्लाजा पर सपा नेत्री शशि पिंटू राणा के नेतृत्व में शिवपाल यादव का स्वागत किया गया। इसके बाद वह उनके आवास पर पहुंचे वहां कार्यकर्ताओं से बात की। इस दौरान चलते-चलते मीडिया से बात करते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन भाजपा का सफाया कर देगा। इंडिया गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा। इंडिया गठबंधन भाजपा को हराने के लिए बना है और मजबूती के साथ पूरे देश में काम कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आहवाह्न किया कि लोकसभा का चुनाव नजदीक आ गया है।
अब सभी कार्यकर्ता मजबूती के साथ एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। पार्टी की नीतियों को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाया जाए, जिससे पार्टी मजबूत हो और भाजपा का सफाया हो जाए। मेरठ के शिवाया टोल प्लाजा पर कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ शिवपाल यादव का स्वागत किया और काफिले के साथ उन्हें मोदीपुरम तक लेकर आए। आधा घंटा शशि पिंटू राणा के आवास पर रुकने के बाद वह दिल्ली की ओर रवाना हो गए। इससे पहले रविवार को देवबंद में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा बिना वजह ही राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर रही है।
जबकि हकीकत यह है कि राम मंदिर निर्माण में भाजपा की कोई भूमिका ही नहीं है। उसका निर्माण कोर्ट के आदेश पर हो रहा है। कहा कि देश की जनता को गुमराह करने के लिए भाजपा भगवान राम के नाम पर राजनीति कर रही है। शिवपाल यादव ने कहा कि किसान और जनविरोधी भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए ही इंडिया गठबंधन बनाया गया है। गठबंधन के पास पीएम पद के लिए कई चेहरे हैं।
साथ ही उन्होंने मथुरा विवाद पर कहा कि मामला न्यायालय में है कोर्ट का जो भी फैसला होगा वह सर्वमान्य होगा। उन्होंने भाजपा पर देश के संवैधानिक उपक्रमों को असंवैधानिक तरीके से कब्जा करने का आरोप लगाया। यादव ने बताया कि अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम में सपा को अभी कोई निमंत्रण नहीं मिला है।


































