इंदौर समाचार मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में ठंड अपना असर दिखाने लगी है। पिछले सप्ताह तक रात का पारा सामान्य से दो-तीन डिग्री ज्यादा रहता था, लेकिन 10 दिसंबर के बाद रात का पारा 14 डिग्री तक पहुंच रहा था, लेकिन बुधवार रात रात का तापमान 13.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सीजन की सबसे सर्द रात थी। मौसम विभाग के अनुसार अब ठंड और बढ़ेगी। तापमान में गिरावट का दौर बुधवार दोपहर से ही शुरू हो गया था।
शाम को ठंड हल्की चुभने लगी थी। बुधवार को दिन का तापमान 25.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था, जबकि रात का तापमान 13.8 डिग्री रहा। भले ही यह सीजन की सबसे सर्द रात थी, लेकिन यह तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। यानि दिसंबर में जैसी ठंड होती है, वैसी ठंड अभी नहीं आई है। अभी लोग हाॅफ स्वेटर और हल्के ऊनी कपड़ों से काम चला रहे है। अभी शहर में अलाव जलाने वाली ठंड का दौर शुरू नहीं हुआ है। मौसम में बदलाव का असर पूर्वी हवाएं चलने के कारण हो रहा है। इस दिशा से आ रही हवा के कारण उत्तरी क्षेत्र में कम हो रहे तापमान और बर्फबारी का असर नजर नहीं आ रहा है। बर्फीली उत्तरी हवाएं चलने से इंदौर और आसपास के क्षेत्रों का तापमान तेजी से लुढ़केगा।
फिलहाल दो तीन दिन तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं होगी। मौसम केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ से मध्य प्रदेश का मौसम प्रभावित हो सकता है। इसका असर शहर में 20 दिसंबर के बाद नजर आ सकता है। तब रात और दिन के तापमान में तेजी से गिरावट होगी।
			





















		    











