राजस्थान के भरतपुर जिले के सेवर थाना इलाके में सोमवार को दो सड़क हादसे हो गए। दोनों हादसों में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने दोनों के शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है। सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। बताया गया है कि दोनों व्यक्ति की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है।जानकारी के मुताबिक, पहला हादसा महुआ सिनपिनी इलाके में हुआ।
दो बाइक सवार व्यक्तियों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में रामनरेश निवासी बड़ौली सिरसागंज फिरोजाबाद की मौत हो गई। वहीं, उसका साथी धर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों साथी घर से बाइक पर सवार होकर जयपुर के लिए निकले थे। दोनों जयपुर में मजदूरी करते थे। तभी महुआ सिनपिनी के पास एक अज्ञात वाहन ने दोनों की बाइक को टक्कर मार दी। उसके तुरंत बाद वाहन चालक वाहन को लेकर फरार हो गया। दूसरी घटना आगरा जयपुर नेशनल हाईवे पर बरसो के पास हुआ।
रुदावल थाना इलाके के गांव नगला तुला निवासी मुकेश घसोला गांव में शादी में शामिल होने के लिए गया था। शादी में शामिल होने के बाद वह वापस अपने घर जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने मुकेश की बाइक को टक्कर मार दी। उसके बाद चालक वाहन को लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मुकेश को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां मुकेश को मृत घोषित कर दिया गया। मुकेश के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। सुबह मुकेश के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

































