उत्तर प्रदेश के औरैया के दिबियापुर। नगर के आजाद नगर निवासी किसान ने पांच लोगों पर मारपीट कर रुपए छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामला मारपीट का है और रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आजाद नगर निवासी उदयवीर पुत्र स्वर्गीय प्रयाग नारायण ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह रविवार को गांव अमौआहार में खेत जुताने के लिए गए थे।
ट्रैक्टर नहीं मिला तो शाम के समय वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव केबिन की मड़ैया निवासी एक नामजद व्यक्ति के साथ तीन चार अज्ञात लोगों ने पीड़ित के साथ मारपीट की। साथ ही धान बेचकर मिले 6670 रुपए छीन लिए। दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि आपसी मारपीट का मामला है। रुपए लूटने की बात सामने नहीं आई है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

































