उत्तर प्रदेश के इटावा में बसरेहर। फर्रुखाबाद मार्ग पर चौबिया थाना क्षेत्र में राहिन तिराहे के पास दबंगों ने तमंचे के बल पर रोडवेज बस के चालक व परिचालक के साथ मारपीट कर बस के शीशे तोड़ दिए। गंगापुर चौराहा पर बस में सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालक ने गाली-गलौज करते हुए बस को रोकने का प्रयास किया था। जिसके बाद उसके साथियों ने राहिन तिराहा पर घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही एआरएम मौके पर पहुंचे और सवारियों को दूसरी बस से रवाना किया। पुलिस ने पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बस के चालक सरमन सिंह व परिचालक नाहर सिंह निवासी चतुरीपुर थाना किशनी जनपद मैनपुरी ने बताया वह सुबह दस बजे इटावा डिपो की रोडवेज बस लेकर बरेली जा रहा था। जिसमें 45 सवारी मौजूद थीं। जैसे ही चालक ने गंगापुर चौराहे पर सवारी बैठाने को लेकर बस को रोका तभी पीछे से ऑटो सवार गाली गलौज करने लगा। बस के चलते ही उसने रोकने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली तभी कुछ ही दूरी पर बस राहिन तिराहे पर पहुंची। वहां पहले से घात लगाए खड़े सात लोगों ने तमंचे के बल पर बस को रोक लिया और चालक व परिचालक के साथ मारपीट कर बस के शीशे भी तोड़ दिए।मारपीट में चालक सरमन सिंह के बाएं हाथ में चोट आई है। वहीं मौके से सभी लोग फरार हो गए। चालक की जेब में रखे ढाई सौ रुपए भी छीन कर ले गये। बस में सवार अनवर सिंह शीशे टूटने घायल हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची तब तक दबंग लोग फरार हो चुके थे। चालक की सूचना पर पहुंचे एआरएम डी एम सक्सेना ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी कर बताया कि चालक व परिचालक के साथ सवारी को लेकर विवाद हुआ था। अज्ञात दबंगों ने बस को तमंचे के बल पर बस को घेरकर मारपीट की गई। मारपीट के दौरान चालक की जेब ढाई सौ रुपये भी छीन ले गए। एआरएम ने मौके पर पहुंचकर सवारियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना किया। थाना अध्यक्ष मंसूर अहमद ने बताया कि गंगापुर गांव के पास ऑटो चालक और बस चालक के बीच सवारी उठाने को लेकर बाद विवाद हुआ था। उसके बाद राहिन तिराहे के पास बस को घेरकर चालक के साथ मारपीट कर बस में तोड़-फोड़ की गई। बस चालक की तहरीर के आधार पर पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है दबिश दी जा रही है।

































