उत्तर प्रदेश के कासगंज के सोरोंजी गेट स्थित गणेश कॉलोनी में रहने वाले प्राइवेट बैंक कर्मी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजन बैंक कर्मी की हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। फंदे पर लटका मिला शव सोनू (25) वर्ष निवासी नगला बेरिया अहरौली का निवासी था। वह एक प्राइवेट बैंक में काम करता था। वह गणेश कालोनी में अपने एक साथी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। शुक्रवार की सुबह काफी देर तक सोनू के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने आवाज दी। अंदर से कोई हलचल न होने पर लोगों ने खिड़की से झांक कर देखा तो उसका शव छत से लटका था। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी हरिभान सिंह राठौर ने पहुंचकर घटना स्थल की वीडियोग्राफी कराई। परिजन को भी सूचना दी गई। परिजन के पहुंचने के बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर उसके शव को फंदे से नीचे उतरवाया गया। जानकारी पर आस-पास के लोग एकत्रित हो गए। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर नमूने एवं साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पंचनमा करने की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन के द्वारा उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी हरिभान सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। अभी परिजन के द्वारा मामले में तहरीर अभी पुलिस को नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक प्राइवेट बैंक कर्मी की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व दीप्ति निवासी अमांपुर से हुई थी। उसका 1 वर्ष का मासूम बेटा है। उसकी मौत के बाद पुत्र के सिर से पिता का साया उठ गया है। पुलिस मामले की जांच कर कर रही हे