उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में किशोरी को जिंदा जला दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। आंखों के सामने जिंदा जलते और उसकी चीख सुनकर आठ वर्षीय भाई सदमे में चला गया। घटना से पूरा परिवार दहशत में है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना कोतवाली क्षेत्र के नगला पजाबा गांव की है। गांव निवासी राजेश कुमार को एक बेटी शिल्पी (17) और एक बेटा अर्पित (8) है। राजेश किसानी करके परिवार का पालन पोषण करता है। मंगलवार की सुबह भी वह परिवार के खेत पर काम करने के लिए गया था। घर पर खाना बनाने के लिए शिल्पी को और उसकी मदद के लिए अर्पित को घर पर छोड़ गया था। अर्पित ने बताया कि दोपहर का समय था। इसी समय पड़ोस में रहने वाला अंकित उसके घर आ गया। अंकित को देख शिल्पी और अर्पित डर गए। वह उसे घर से जाने के लिए कहने लगे। बताया कि अंकित अक्सर दीदी के साथ छेड़छाड़ करता रहता था। वह उससे प्यार करने का दावा करता और उसके लिए कुछ भी करने की बात कहता। लेकिन, दीदी उससे प्यार नहीं करती थी। वह छेड़छाड़ का विरोध करती थी।बताया कि अंकित दीदी के साथ छेड़छाड़ करता है, यह बात उसके घर वालों को भी पता थी। शायद इसलिए भी वह अर्पित के घर पर छोड़कर गए थे। शिल्पी के एकतरफा प्यार में पागल अंकित मंगलवार की दोपहर भी उसके घर में घुसकर छेड़छाड़ करने लगा। उसने इसका विरोध किया तो सिरफिरा अंकित गुस्से से पागल हो गया।बताया कि वह घर के अंदर गया। उसे सामने एक बोतल में मिट्टी का तेल रखा दिख गया। उसने मिट्टी की तेल उठाया और दीदी के ऊपर उड़ेल दिया। वह मिट्टी के तेल में पूरी तरह भीग गई। इसके बाद वह कुछ समझ पाती सिरफिरे ने माचिस से आग लगा दी। आग की लपटों की तपन से वह चीखने लगी। वह जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े। दृश्य देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए। आंखों के सामने बहन को जिंदा जलते और चीख सुनकर अर्पित सदमें में चला गया। उसके मुंह से आवाज निकलनी बंद हो गई। लोगों की सूचना पर राजेश व परिजन भागते हुए घर पहुंचे। वह बेटी को लेकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे आनन फानन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां कुछ ही समय में शिल्पी ने दम तोड़ दिया। घर में चीख पुकार मची हुई है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। राजेश ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। राजेश ने कहा कि मेरी लाडो तो इस दुनिया को छोड़कर चली गई। लेकिन, आरोपी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। प्रभारी एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि परिजन की तरफ से तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी हे