उत्तर प्रदेश के बाराबंकी बदोसराय थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव में शुक्रवार को एक मुस्लिम परिवार में दो बेटियों की शादी के लिए आई बरातों में जमकर अराजकता हुई। दोनों बरातें आपस में भिड़ गईं। एक दूसरे पर लाठी-डंडे, ईंट पत्थर जो भी कुछ मिला बरसाया। इस दौरान भगदड़ मच गई। डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है।
बदोसराय थाना क्षेत्र के हजरत पुर गांव में हलीफ और गरीब की बेटियों की शादी थी। दोपहर में एक बरात टिकैतनगर से तो दूसरी सफदरगंज से आई थी। दोनों बारातों में डीजे था। बराती नाचते गाते हुए जा रहे थे और इसी दौरान गांव के एक रास्ते पर बरातियों ने एक दूसरे को क्रास किया।पहले उनमें धक्का-मुक्की हुई फिर देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। बच्चों ने भी जमकर पथराव किया। लाठी-डंडे टूट गए तो लोग आसपास की झाड़ियों और पेड़ों को उठा-उठा कर एक दूसरे पर फेंकने लगे।
कुछ लोगों ने इस मारपीट का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामला एसपी दिनेश कुमार सिंह के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने तत्काल एडिशनल एसपी को जांच और कार्रवाई के आदेश दिए।देर शाम एसपी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में कर लिए। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पथराव में कई लोग हुए। सख्त कार्रवाई होगी। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है