पानीपत के समालखा की दुर्गा कॉलोनी निवासी राजबली मच्छरौली स्थित कपूर इंडस्ट्री में बतौर सिविल इंजीनियर कार्यरत हैं। सिविल इंजीनियर की बंदूक से चली गोली उनके 16 वर्षीय बेटे को लग गई। गोली बंदूक की सफाई करते समय चली। उस वक्त बेटा पास में ही बैठ कर पढ़ाई कर रहा था। गोली उसको छूकर निकली। शनिवार शाम करीब सात बजे वह घर पर अपनी लाइसेंसी बंदूक साफ कर रहे थे। उसी कमरे में उनका 10वीं में पढ़ने वाला 16 वर्षीय बेटा आदित्य बैठ कर पढ़ाई कर रहा था। बंदूक साफ करते वक्त अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई। गोली पहले छत से टकराई। इसके बाद नीचे आई और वहां बैठे आदित्य के बाएं हाथ को छूकर निकल गई। फिलहाल छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है।पिता राजबली ने बताया है कि वह बंदूक साफ कर रहे थे तभी गोली अचानक चल गई।
समालखा थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि दुर्गा कॉलोनी में गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस घटनास्थल और पानीपत अस्पताल भी पहुंची। मामले की जांच की जा रही है।