उत्तराखंड के ऋषिकेश के श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में नीलकंठ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। सुबह से लेकर शाम तक नीलकंठ धाम हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहा है। बृहस्पतिवार को करीब पांच लाख कांवड़ियों ने नीलकंठ धाम में जलाभिषेक किया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था रही। मंदिर के गर्भगृह में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। बृहस्पतिवार को नीलकंठ मोटर मार्ग पर डाक कांवड़ियों की भीड़ रही। श्यामपुर बाईपास मार्ग, ऋषिकेश मुख्य बाजार, बैराज-नीलकंठ मोटर मार्ग और लक्ष्मणझूला-तपोवन मोटर मार्ग पर सुबह से शाम तक कांवड़ियों के दोपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही रही। डाक कांवड़ियों का रैला जगह-जगह जाम का कारण बनता रहा। इससे स्थानीय लोगों को भी आवाजाही करने में परेशानी हुई। दिनभर मोटर मार्ग पर बिना साइलेंसर के दोपहिया वाहन फर्राटा भरते रहे। लक्ष्मणझूला, मुनिकीरेती, तपोवन, स्वर्गाश्रम के गंगा घाट और तट पर भी कांवड़ियों की भीड़ रही। नीलकंठ पैदल मार्ग भी दिनभर बम-बम भोले का उद्घोष गूंजता रहा। पुलिस कंट्रोल रूम की जानकारी मुताबिक देर शाम तक शिवालय में करीब पांच लाख कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। मंदिर के पुजारी शिवानंद गिरी ने बताया कि सुबह से ही शिवालय में जलाभिषेक करने वालों की भीड़ रही।