उत्तर प्रदेश के एटा में पीईटी (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) शनिवार को थी। जिले के परीक्षार्थियों का केंद्र नोएडा था। परीक्षार्थियों के सुव्यवस्थित आवागमन के लिए मुख्यालय से शनिवार तड़के 3 बजे से ही बसों को नोएडा के लिए दौड़ाया गया और संख्या भी बढ़ाई गई। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा देने के लिए जिले से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी नोएडा गए हैं। उनके बेहतर आवागमन के लिए परिवहन निगम को निर्देश दिए गए थे। एआरएम ने दिल्ली जाने वाली बसों के कर्मचारियों को शुक्रवार शाम से ही निर्देश जारी किए थे कि बसें नोएडा होकर ले जाएं। इसके अलावा रात 12 बजे ही सात अन्य बसों को बस स्टैंड पर खड़ा करा दिया गया। ये बसें परीक्षार्थियों को लेकर तड़के 3 बजे से नोएडा के लिए रवाना हुईं। इसके अलावा कुछ अन्य जिलों के परीक्षार्थियाें का केंद्र अलीगढ़ बनाया गया। इसके चलते अलीगढ़ के लिए भी बसों को लगाया गया। यहां पहले से दौड़ रही 10 अनुबंधित बसों को सुबह जल्द ही बस स्टैंड पर लगाया गया। एआरएम राजेश यादव ने बताया कि परीक्षार्थियों को लेकर किसी तरह की कोई समस्या नहीं रही। बसों को नोएडा के लिए अलग से भी लगाया गया।