उत्तर प्रदेश के मैनपुरी स्थित थाना किशनी क्षेत्र में रामनगर मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम कंटेनर ने एक बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार कन्नौज निवासी महिला व दो पुत्रों की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे से आ रहे बाइक सवार ने कंटेनर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उसे भी टक्कर मार कर घायल कर दिया। आक्रोशित लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
जनपद कन्नौज के थाना सकरावा क्षेत्र के गांव परोरा निवासी अजीत सिंह शुक्रवार को पत्नी नीलम (30) और आठ वर्षीय पुत्र अर्पित और चार वर्षीय साहिल को साथ लेकर कुसमरा मेला दिखाने आए थे। देर शाम मेला देखने के बाद सभी लोग बाइक पर बैठ कर वापस गांव लौट रहे थे। बाइक जब रामनगर के पास पहुंची। तभी कुसमरा की ओर से आ रहे कंटेनर ने पीछे से बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में नीलम, अर्पित और साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक कंटेनर लेकर भाग निकला।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इस बीच अजीत के साथ दूसरी बाइक से आ रहे साथी कुंदन निवासी गांव परौरा ने ग्रामीणों के सहयोग से आगे जाकर कंटेनर को रोकने का प्रयास किया। तख्त आदि सड़क पर डाल दिए। लेकिन चालक नहीं रुका और अवरोध तोड़ता हुआ आगे निकल गया। इस दौरान कुंदन भी घायल हो गया। आक्रोशित ग्रामीण ने पीछा किया तो चालक कंटेनर को कुछ दूरी पर खड़ा कर भाग गया। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।