उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में संपत्ति के विवाद में बेटे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर वृद्ध पिता की बिजली की केबल से गला कसकर हत्या कर दी। हत्या के आरोपी पुत्र व उसके एक साथी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार रात को हुई साजिशन हत्या की जानकारी परिजन को सुबह हो सकी। मृतक की पुत्रवधू ने ही अपने पति व उसके तीन साथियों के खिलाफ थाना बसई मुहम्मदपुर में हत्या का मामला दर्ज कराया है।दीनदयाल (65) गांव मडुआ थाना बसई मुहम्मदपुर का निवासी था। सोमवार रात को वृद्ध दीनदयाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। परिजन को घटना की जानकारी सुबह हुई। जानकारी मिलने पर मौके पर गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। एसपी ग्रामीण व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी ली। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई। वृद्ध के गले में चोट के निशान देख पुलिस व परिजन को हत्या आशंका हुई। वहीं मामला उस समय उजागर हो गया, जब मृतक की पुत्रवधू रजनी ने ही अपने पति दीपक और उसके तीन अन्य साथियों पर ससुर की साजिशन हत्या किए जाने को आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को शाम को तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद मृतक के पुत्र दीपक व उसके एक अन्य साथी को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस पूछताछ में दीपक ने बिजली की केबल से गला कसने की बात स्वीकार भी कर ली है।दीनदयाल के परिवार में उसका इकलौता पुत्र दीपक, पुत्रवधू रजनी एवं एक नाति है। बताया गया है दीनदयाल की पत्नी की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। लगभग 25 बीघा कृषि भूमि के मालिक दीनदयाल का अपने बेटे दीपक से आए दिन विवाद होता रहता है। दीपक की संगत ठीक नहीं थी। इस कारण पिता-पुत्र में ज्यादा पटती नहीं थी। घटना के वक्त रजनी अपने मायका राजा खेड़ा जनपद आगरा गई थी। इसी बीच यह घटना हो गई। वहीं ग्रामीणों के अनुसार दीपक लंबे समय से पिता से संपत्ति खुद के नाम कराने के लिए दबाव डाल रहा था।एसपी ग्रामीण कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि दीनदयाल की हत्या के मामले में पुत्र दीपक और उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक की पुत्रवधू की तहरीर पर दीपक व उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही हे