उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शाम सात बजे के बाद एकाएक शहर कस्बों से लेकर गांव के प्रतिष्ठान बंद होने लगे। सड़क की चहलकदमी पर गिरावट आने लगी। उधर, मंदिरों व मस्जिदों से भी जिला प्रशासन के फरमान को सुनाया गया। दुश्मन देश की क्रूर हरकत के बाद दिए गए करारे जवाब को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं चलती रहीं। खास बात यह रही कि कहीं कुछ ऐसा नहीं रहा कि भ्रम व अफवाह फैले। सभी एक ‘सुर-ताल’ में नजर आए।
जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को शिक्षण संस्थानों से लेकर सोशल मीडिया पर मॉकड्रिल व ब्लैक आउट को लेकर निर्देश जारी किए गए। जिलेभर में एकाएक मॉकड्रिल को लेकर समाज का हर तबका एक साथ खड़ा हो गया। मंदिर से लेकर मस्जिदों से भी जिला प्रशासन के फरमान को जारी किया गया। मॉकड्रिल की संजीदगी के संदेश ने सभी को एक सिरे में पिरो दिया।पुलिस बल ने सड़क पर उतरकर लोगों को जागरूक किया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देश पर मॉकड्रिल व ब्लैक आउट को अपनाया जा रहा है।

































