उत्तर प्रदेश रायबरेली। शहर क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात तालाब की जमीन पर अवैध निर्माण कार्य रोकना एक लेखपाल को महंगा पड़ गया। कुछ लोगों ने लेखपाल को दौड़ाकर पीटा। वह जान बचाने के लिए घर के अंदर घुसे लेकिन हमलावरों ने वहां भी जमकर पीटा। इससे लेखपाल को गंभीर चोटें आई। बताते हैं कि लेखपाल पर हमले की घटना के बाद डीएम माला श्रीवास्तव ने जब तहसील के अधिकारियों को फटकार लगाई तो वह मौके पर पहुंचे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों पर जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। लेखपाल पर हमले से अन्य साथी खफा हैं। उन्होंने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ऐसा न होने पर कामकाज ठप करने की चेतावनी दी है।