उत्तर प्रदेश के कानपुर ज़िले मे मैथा-रनियां मार्ग पर किशरवल गांव के पास उल्टी दिशा से आए टैंकर की टक्कर से ऑटो सवार ग्रामीण की मौत हो गई। छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों ने टैंकर चालक को पकड़कर हंगामा शुरू कर दिया। वहीं, सूचना पर पहुंची रनियां पुलिस ने चालक को छुड़ाकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया।इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस अफसरों की गाड़ियों को घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चालक को थाने ले जा सकी। एसपी ने लोगों को समझाकर शांत कराया। तब तीन घंटे बाद शव घटनास्थल से उठा सका।रनियां के भुजपुरा निवासी राकेश राठौर (50) ऑटो चलाते हैं। सोमवार देर शाम वह रनियां से सवारियां लेकर जा रहे थे। किशरवल गांव के पास उल्टी दिशा से आ रहे टैंकर ने ऑटो में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो पर सवार करचल गांव निवासी किसान इस्लाम (53) की मौत हो गई।वहीं, भुजपुरा गांव निवासी अन्नू (35), संतोषी (50), सुरजा देवी (60), रामखिलावन (50), सरस्वती (45) और चालक राकेश गंभीर घायल हो गए। हादसा देख आसपास के लोग दौड़े और टैंकर को रोककर चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया।वहीं मौके पर पहुंची रनियां पुलिस ने भीड़ से चालक को छुड़ाकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इससे नाराज लोगों ने पुलिस की गाड़ी को घेरकर नारेबाजी की। हालात बिगड़ते देख एएसपी राजेश पांडेय, सीओ प्रभात कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसी बीच मौका पाकर पुलिस चालक को थाने लेकर चली गई।जानकारी पर एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति मौके पर पहुंचे और टैंकर चालक पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद पुलिसकर्मी शव को तीन घंटे बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज सके

































