झारखंड के रांची जिले में पूर्वी सिंहभूम और आस-पास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण खरखई और स्वर्णरेखा नदियों में जलस्तर बढ़ रहा है। इसे लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने लोगों को आगाह भी किया है। जिला प्रशासन ने बुधवार को यहां दोनों नदियों से 100 फीट की दूरी पर निषेधाज्ञा लागू कर दी है। धालभूम के उपमंडल अधिकारी पीयूष सिन्हा ने ये आदेश दिया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा के लिए सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। ये निषेधाज्ञा पांच अगस्त तक प्रभावी रहेगी। ऐसे में किसी को भी नदियों के पास जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही नदियों के पास मवेशियों को चराने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि खरखई नदी का जलस्तर जहां आदित्यपुर ब्रिज पर 129 मीटर के लाल निशान को छू गया है। वहीं स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर शाम 4 बजे 121.50 मीटर के लाल निशान के मुकाबले 118.48 मीटर दर्ज किया गया। बयान में कहा गया है कि इसके अलावा, ओडिशा में बंकबल और खरकई बांधों के दो-दो स्लुइस गेट बुधवार रात को खोले जाएंगे। जिसके बाद दोनों नदियों में जल स्तर और बढ़ जाएगा। इस बीच, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने ब्लॉक विकास अधिकारियों, सर्कल अधिकारियों और नगर निगम अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि उफान के कारण दोनों नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में कोई जानमाल की हानि न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि वे डूब क्षेत्र में नदी का पानी घुसने पर तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को चिन्हित कर आश्रय गृह में भेजना सुनिश्चित करें। साथ ही लाइफ सेविंग जैकेट, नाव, मेडिकल किट आदि के मुकम्मल इंतजाम रखें, ताकि आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।