झारखंड के हजारीबाग जिले में पीड़ित के माता-पिता द्वारा किए गए अपमान का बदला लेने के लिए एक बच्चे को उसकी सौतेली दादी ने ही कथित तौर पर कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। कटकमसांडी थाना अंतर्गत उलंग गांव निवासी आरोपी महिला (55 वर्षीय) को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। बच्चे की पहचान फैजल अंसारी (पांच वर्षीय) रोज के रूप में हुई है। उसी की उम्र का एक रिश्तेदार आंगनवाड़ी केंद्र में पढ़ने के बाद एक साथ घर आता था। लेकिन, रिश्तेदार गुरुवार को अकेले घर आया था। थाना प्रभारी प्रकाश मिश्रा ने बताया कि उसके परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने फैजल की तलाश शुरू की और उसे एक कुएं के पास उसकी चप्पलें मिलीं। बच्चे के गले में दो ईंटें बंधी हुई थी और उसका शव गुरुवार शाम को कुएं से बरामद किया गया। जांच के दौरान पुलिस को परिवार के किसी सदस्य के शामिल होने का संदेह हुआ। मृतक लड़के के पिता को सौतेली मां सरबारी खातून का व्यवहार भी संदिग्ध लगा और उसने पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में उसका नाम शामिल कर लिया। मिश्रा ने बताया कि थाने में गहन पूछताछ के दौरान खातून रो पड़ी और उसने स्वीकार किया कि उसने लड़के की हत्या की है। महिला ने बताया कि उसने अपराध इसलिए किया क्योंकि पीड़ित के माता-पिता उसे लगातार अपमानित कर रहे थे और वह उन्हें सबक सिखाना चाहती थी।