झारखंड के रांची मे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर झारखंड में बूथस्तर पर संगठन को मजबूत करने और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने को लेकर रणनीति तैयार की गई।पार्टी ने प्रदेश में सहयोगी दलों के साथ मिलकर सभी 14 सीटों पर जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है। बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और कई अन्य नेता मौजूद थे।बैठक के बाद अविनाश पांडे ने बताया कि आने वाले दिनों में सभी 14 लोकसभा सीटों पर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा। आने वाले समय में मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की जनसभाएं को पूरे प्रदेश में होंगी। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने झारखंड की कुल 14 सीटों में सिर्फ एक सीट जीती थी। उसकी सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा भी सिर्फ एक सीट जीत पाई थी। भाजपा को 12 सीटें मिली थीं।