राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता खत्म होने को लेकर राजस्थान में राजनीति गर्मा गई हैं। कांग्रेस नेता भाजपा पर जमकर हमला बोल रहे हैं। वहीं, एनएसयूआई ने जयपुर में भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव की योजना बनाई है।
इसके चलते पुलिस ने भाजपा कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती कर दी है। इसके अलावा पुलिस ने भाजपा कार्यालय की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी है, जिससे एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को रोका जा सके।
इसे लेकर राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर रंधावा ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त करना अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में कोई भी गैरकानूनी एक्शन हो सकता है। देश का पैसा लेकर भागने वालों का भाजपा साथ दे रही है। इनमें खिलाफ वालों का मुंह बंद किया जा रहा है।
अंग्रेजों के समय जब उनके खिलाफ कोई बोलता था तो घर में कैद कर दिया जाता था या जेल में बंद कर दिया जाता था। उन्होंने कहा कि जब तक देश का पैसा लूटने वाले लोगों के चेहरे सामने नहीं आते हम लड़ते रहेंगे।