मेरठ समाचार उत्तर प्रदेश के मेरठ मे गोवा के पणजी में चल रहे 22वें पैरा नेशनल खेलों में मेरठ के खिलाड़ियों ने अपने इवेंट में दो स्वर्ण और तीन रजत पदक प्राप्त किए। रिया ने शॉटपुट में स्वर्ण पदक और प्रीति पाल ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा दीपिका ने शॉटपुट और क्लब थ्रो में रजत और अनुभव ने 100 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में भी जश्न का माहौल रहा। आज यानी शुक्रवार को भी शॉटपुट और डिस्कस थ्रो समेत कई खेलों में मेरठ के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। दिसंबर में दिल्ली में हुए पैरा खेलो इंडिया में भी मेरठ के पैरा खिलाड़ियों ने 11 पदक प्राप्त किए थे। अब गोवा में हो रहे नेशनल खेलों में भी पदक आने शुरू हो गए हैं। मेरठ के कसेरूखेड़ा निवासी प्रीतिपाल ने 100 मीटर दौड़ इवेंट में स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
सूरजकुंड निवासी रिया ने 8.30 मीटर थ्रो कर शॉटपुट में स्वर्ण पदक जीता। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में ही प्रशिक्षण लेने वाले अनुभव ने 100 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। सलावा निवासी दीपिका ने शॉटपुट में रजत और क्लब थ्रो में रजत पदक प्राप्त किया। शुक्रवार को भी कई खिलाड़ी डिस्कस, जेवलिन आदि इवेंट में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में फातिमा को डिस्क्स व जेवलिन में, नितिन, अनमोल को शॉटपुट जेवलिन, प्रियांश को शॉटपुट, आयुष को डिस्कस में प्रतिभाग करना है। यह सभी खिलाड़ी एथलेटिक कोच गौरव त्यागी से प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी योगेंद्र पाल सिंह, उप क्रीड़ा अधिकारी जयप्रकाश यादव, उपक्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र यादव, एथलेटिक संघ के सचिव अनु कुमार, जिला क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष अश्वनी गुप्ता आदि ने बधाई दी।
मूल रूप से शामली के जसाला निवासी अक्षय ने भी नेशनल खेलों में जेवलिन थ्रो में कांस्य पदक जीता। वह तीसरे स्थान पर रहे। 2007 में हर्ष फायरिंग के दौरान अक्षय घायल हो गए थे, जिस कारण उन्हें अपना बांया हाथ गंवाना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने मेरठ में चौधरी चरण सिंह विवि में पढ़ाई के साथ-साथ खेलना भी शुरू किया। पहले वह फुटबॉल खेलते थे बाद में उन्होंने पैरा एथलेटिक खेलों में भाग लेना शुरू किया। वह कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच गौरव त्यागी से ही प्रशिक्षण लिया। अब वर्तमान में वह दिल्ली में तैयारी कर रहे हैं। नेशनल खेलों में जेवलिन में कांस्य पदक मिलने पर उनके गांव में भी जश्न का माहौल है।