रोज की भाँति मॉर्निंग वॉक पर निकले बस यूनियन के पूर्व अध्यक्ष मालगाडी की चपेट में आने से गम्भीर रूप से चोटिल हो गये। दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल होने के कारण ब्लडप्रेशर व शुगर अत्यधिक बढने के चलते परिजनों द्वारा उपचार हेतु आगरा ले जाते समय रास्ते में ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख पुकार के बीच कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कस्बा के मुहल्ला सरोजनी रोड निवासी भरथना-लखना-सिण्डौस मार्ग बस यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश सिंह कुशवाह (82 वर्ष) पुत्र स्व0 जवर सिंह कुशवाह रोज की भाँति शनिवार की सुबह भी मॉनिंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान प्रातः करीब 04ः30 बजे रेलवे लाइन पार करते समय अचानक वह तेज रफ्तार से दौडी चली आ रही मालगाडी की चपेट में आ गये। जिससे उनके सीधे पैर में गम्भीर चोट आयी तथा पैर की एडी कट जाने से अत्यधिक रक्त बहाव हुआ।
उक्त घटना देख मौजूद राहगीरों व अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने आनन-फानन में गम्भीर रूप से चोटिल को सुरक्षित स्थान पर बैठाया तथा परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही घटनास्थल की ओर दौडे परिजन उपचार हेतु उन्हेें जिला मुख्यालय ले गये। गम्भीर रूप से चोटिल होने तथा घायल का ब्लडप्रेशर व शुगर अत्यधिक बढने के चलते इटावा में चिकित्सकों द्वारा मना करने पर परिजन उन्हें आगरा ले जा रहे थे। जहाँ रास्ते में ही घायल सुरेश सिंह कुशवाह की दर्दनाक मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही मृतक के परिवारीजनों में चीख पुकार के बीच कोहराम मच गया।