उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में सैफई डिपो के कैश रूप से रविवार रात चोर डेढ़ क्विंटल का कॉपर बॉक्स लेकर फरार हो गए। बॉक्स में नौ लाख 34 हजार दो सौ 55 रुपये रखे भी गायब होने की जानकारी पर अधिकारियों में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंचे एसएसपी ने जांच पड़ताल करके साक्ष्य जुटाए हैं। जानकारी के अनुसार, रात में ड्यूटी पर डिपो में विनोद कुमार निवासी मानिकपुर थाना करहल और अवनीश सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात थे। दोनों की रात करीब 12 बजे आंख लग गई।
सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे विनोद की नींद खुली। इसके बाद विनोद कमरा नंबर नौ कैश रूम के पास गया, तो देखा कि उसमें ताला नहीं लगा था। उसने अंदर झांक के देखा, तो वहां पर कॉपर बॉक्स नहीं था। उसने यह जानकारी ओम सिक्योरिटी सर्विस के सुपरवाइजर धीरज सिंह को दी। सुपरवाइजर ने सुबह करीब पांच बजे डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी शांति स्वरूप को जानकारी दी।
साथ ही यूपी 112 को भी सूचना दी गई। जानकारी पर थाना प्रभारी निरीक्षक मो. कामिल पहुंच गए। उन्होंने जांच पड़ताल करने के साथ ही एसएसपी संजय कुमार एवं एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह, सीओ नागेंद्र चौबे और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। सूचना पर आरएम पीआरपांडे, एआरएम डीएम सक्सेना ने भी जानकारी जुटाई है। एसएसपी ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।