उत्तर प्रदेश के इटावा ज़िले मे लगातार बदल रहा मौसम लोगों को मई में भी हल्की ठंड का अहसास करा करा है। बुधवार दोपहर और शाम को हुई बारिश से तापमान में और कमी आ गई। लगातार तेज हवाएं चलने से किसानों को फसलों की चिंता सता रही है।बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे व शाम करीब साढ़े छह बजे बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक गुरुवार को भी तेज हवाएं चलने, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जता रहे हैं। मई में बदला मौसम का मिजाज फरवरी जैसा महसूस करा रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम 21 डिग्री रहा। वहीं किसानों को गेहूं की फसलों की चिंता सता रही है।बकेवर में बारिश की वजह से गेहूं की कटाई ठप है। किसान फसल सूखने का इंतजार कर रहे हैं। लखना, महेवा, अहेरीपुर, लवेदी क्षेत्र में हजारों एकड़ गेहूं की फसल कटनी है। भरथना में भी बुधवार शाम हुई बारिश से किसान परेशान दिखे। कृषि मौसम वैज्ञानिक अजय मिश्रा ने पांच दिन तक हल्के बादल छाए रहने व चार मई को तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई है।