उत्तर प्रदेश के इटावा। ताइक्वांडो एसोसिएशन के खिलाड़ी अभिनव कुशवाहा का चयन एशियन कैडेट चैंपियनशिप व वर्ल्ड कैडेट ताइक्वांडो चैंपियनिशप के लिए हुआ है। अभिनव के इस चयन से जिले के साथ ही प्रदेश का नाम भी रोशन हुआ है। अभिनव पांच सालों से ताइक्वांडो का अभ्यास कर रहे हैं। उनके प्रशिक्षण का कार्य हरगोविंद सिंह व नबीला के संरक्षण में किया जा रहा है। इस चयन की यात्रा में उन्होंने राज्य स्तर पर स्वर्ण, राष्ट्रीय स्तर व चैंपियन ऑफ चैंपियंस में रजत पदक हासिल किया। वह पिछले सालों में अनेक ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में भी पदक हासिल कर चुके हैं। इटावा ताइक्वांडो की कोषाध्यक्ष व प्रशिक्षिका नबीला ने बताया कि यह इटावा के इतिहास का स्वर्णिम क्षण हैं, जब कोई खिलाड़ी किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुआ है। सचिव रोहित द्विवेदी ने बताया कि यह बहुत गर्व की बात है कि इटावा से उनका खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। उन्होंने आगे जानकारी दी कि एशियन प्रतियोगिता का आयोजन बेरूत (लेबनान) में और वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन बोस्निया और हेर्जेगोविना में किया जा रहा है।इस अवसर पर चेयरमैन तथा राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी, जीसी जीनियस के प्रबंधक डॉ. प्रत्युष तिवारी और संरक्षक और सेवन हिल्स के प्रधानाचार्य सौरभ दुबे ने अभिनव को शुभकामनाएं देकर उत्साहवर्धन किया।