उत्तर प्रदेश के एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र में निधौली कलां रोड पर पूर्व सैनिक फिजिकल डिफेंस एकेडमी (व्यायामशाला) संचालित करते हैं। यहां युवाओं को सेना भर्ती के लिए तैयारी कराई जाती है। यहां पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर व्यायाम कर रहे युवाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। एक युवक के सिर में लाठी लगने से गंभीर चोट आई है। व्यायामशाला संचालक पूर्व सैनिक रघुराज सिंह निवासी गंगानगर ने 7 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि निधौली कलां रोड पर स्थित एकेडमी में शनिवार सुबह करीब 6 बजे लाठी-डंडा लेकर कौशल, बौबी, पंकज, सचिन, मोहन, नीरज कुमार और शाहरुख घुस आए। यह लोग दो बाइकों से आए थे। आते ही व्यायाम कर रहे लड़कों और लड़कियों के साथ मारपीट करने लगे। दिनेश नाम के युवक के सिर में लाठी मारी, जिसकी वजह से उसे गंभीर चोटें आईं। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। आरोप है कि दबंग प्रवृत्ति के आरोपी एकेडमी बंद कराने की धमकी देकर भी गए हैं। थाना प्रभारी शंभूनाथ सिंह ने बताया कि युवाओं में आपसी विवाद की आशंका है। किसी आरोपी की गिरफ्तारी होने पर मामला स्पष्ट होगा। वहीं गांव रारपट्टी में पुरानी रंजिश को लेकर आर्यन चौहान पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया। इसकी वजह से गंभीर चोटें आई हैं। गांव के ही एक युवक पर हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला चोंचा बनगांव में शराब पीकर गालीगलौज करने का विरोध करने पर निर्मल कुमार, शैलेंद्र, कृष्णा देवी, सावित्री देवी और मालती देवी को घायल कर दिया गया। पांचों को शनिवार की रात करीब 12 बजे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया