उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद से सटे बिहार की सीमा में 12 वर्षीय बालिका से मंगलवार की रात आठ युवकों ने दुष्कर्म किया। बचाने की कोशिश पर आरोपियों ने बालिका के मौसा को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बालिका को गन्ने के खेत में छोड़कर भाग गए। गंभीर हालत में बालिका को बेतिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सटे बिहार के बगहां के लौकरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को 12 वर्षीय बालिका को उसके मौसा बाइक से घर छोड़ने जा रहे थे। रात लगभग साढ़े नौ बजे उन्होंने शौच के लिए बाइक रोकी। तभी वहां एक बाइक पर दो युवक पहुंचे और बालिका से छेड़छाड़ शुरू कर दी। मौसा ने विरोध किया तो उन्हें मारने-पीटने लगे। इसी बीच छह अन्य युवक पहुंच गए। सभी ने बालिका के मौसा को पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। इसके बाद बालिका को गन्ने के खेत में ले गए और रातभर दुष्कर्म किया। बालिका के घायल मौसा बुधवार भोर में किसी तरह थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।