बूंदी जिले में होली से पहले मंदिरों में धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। मंदिरों में भक्त अपने आराध्य देव के साथ फूलों और गुलाल की होली खेल रहे हैं। सुबह से शाम तक धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हो रहे हैं। बूंदी शहर के मंदिरों में सुबह 6 बजे से कार्यक्रम शुरू हो जाते हैं। शुक्रवार को चारभुजा नाथ के मंदिर में नीदरलैंड के विदेशी पर्यटक होली खेलने के लिए आए।
चारभुजा विकास समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक गर्ग ने बताया कि होली महोत्सव का श्रद्धालु और भक्तजन जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। शुक्रवार को नीदरलैंड से आए विदेशी पर्यटकों ने चारभुजा मंदिर पर श्रद्धालुओं और भक्तों के साथ जमकर पुष्प और गुलाल की होली खेली। पंडित ओम प्रकाश शर्मा ने चारभुजा को विभिन्न प्रकार की रंगों की सुगंधित गुलाल, केसर और पुष्पों से होली खेली। श्रद्धालुओं और भक्तजनों ने जमकर भजन और गीत गाए। ढोलक की थाप पर महिलाओं और पुरुषों ने भाव विभोर होकर नृत्य किया। विदेशी मेहमानों सहित श्रद्धालुओं और भक्तजनों ने केसर, पिस्ता, बादाम युक्त दूध का पंचमेवा का प्रसाद ग्रहण किया।