बिहार के बांका जिले में प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिले, दोनों रिश्ते में देवर और भाभी बताए जा रहे हैं। यह मामला सुईया थाना क्षेत्र के बरगुनिया गांव का है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सुईया थाना पुलिस ने शनिवार को पेड़ से लटके शव बरामद किए। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है।
शनिवार सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए निकले तो नदी किनारे कटहल के एक पेड़ पर महिला और युवक के शव लटके मिले। सूचना पर धनुबसार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भोला यादव और सुईया थाना अध्यक्ष मनीष कुमार ने शव को नीचे उतरवा कर पहचान करवाई। मृतक युवक बरगुनिया गांव के जागो दास का बेटा रघुवर दास (22) बताया गया, जबकि मृत महिला की पहचान मुकेश दास की पत्नी सविता देवी (28) के रूप में की गई।
दोनों दूर के रिश्ते से देवर और भाभी थे। सविता को रघुवर से प्यार हो गया था। जब से रघु दास की शादी झाझा थाना क्षेत्र के धवाना गांव में तय हो गई। तब से दोनों बीच-बीच में घर से फरार हो जाते थे। शनिवार को लड़के का तिलक होना था, लेकिन शनिवार अहले सुबह दोनों फांसी के फंदे पर लटकते मिले। इस घटना से पूरे गांव में सन्नाटा छा गया है। कोई कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है। सविता को एक छह साल का बेटा अंकुश कुमार और एक तीन साल की बेटी शिवानी कुमारी है। सूईया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।