उत्तर प्रदेश के आगरा में सावन के पहले ही दिन में बादल झूमकर बरसे। मंगलवार की दोपहर 12 बजे के बाद तेजी से काले बादल छा गए और करीब डेढ़ बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई। एक घंटे में 36.4 मिमी बारिश हुई। बारिश से तापमान गिरा और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार 10 जुलाई तक बारिश की संभावना बनी हुई है और बादल छाए रहेंगे। मानसून की बारिश के बाद तीन दिनों से उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा था। घर से बाहर निकलते ही पसीना-पसीना हो रहे थे। मंगलवार की सुबह गर्मी और उमस रही पर इसके बाद 12 बजे से मौसम में बदलाव हुआ। बादल छाए और तेज हवा के साथ दोपहर डेढ़ बजे हल्की बौछार पड़ने लगी। थोड़ी देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई, जो एक घंटे तक रही।