चित्रकूट समाचार उत्तर प्रदेश के चित्रकूट मे सुबह से तेज हवा के साथ शुरू हुई रिमझिम बारिश दोपहर तक जारी रही। इससे फसलों को आंशिक नुकसान बताया जा रहा है। बदले मौसम से किसान चिंतित दिखे। बारिश से कई जगह की सड़कों में जलभराव की समस्या भी देखी गई। ठंड भी बढ़ गई। जिले में सुबह 9 बजे से दोपहर दो बजे तक रिमझिम बारिश होती रही। इससे सरसों, अरहर, चना, मसूर की फसलों को आंशिक क्षति हुई है। कल्याणपुर के किसान राजेश यादव, सोनेपुर के किसान कमलेश यादव व राजू यादव ने बताया कि इस समय बेमौसम बारिश हो रही है।
इससे जिन फसलों में फूल आ गए है। उनमें नुकसान हो रहा है। गेहूं की फसल के लिए कुछ फायदा है लेकिन चार पांच दिनों से तेज धूप में जो फसल पक रही थी, उसे नुकसान हुआ है। कुछ खेतों में गेहूं की बालियां गिर गई हैं। उप कृषि निदेशक राजकुमार ने बताया कि कहीं भी जिले में मंगलवार की बारिश के समय ओलावृष्टि नहीं हुई है। मामूली बारिश से फसलों को आंशिक नुकसान हुआ।