उत्तर प्रदेश के बाराबंकी। बाराबंकी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हर किसान लाभान्वित हो, इसके लिए कृषि विभाग वृहद अभियान शुरू करने जा रहा है। यह अभियान 22 मई से शुरू होकर 16 जून तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर किसानों के आवेदन से लेकर आ रहीं समस्याओं का निदान कराया जाएगा। इसके लिए कृषि विभाग के साथ अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे।वर्तमान में जिले के करीब चार लाख 67 हजार किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना में लाभान्वित हो रहे हैं। वहीं, तमाम किसान ऐसे भी हैं, जिनके आवेदन दस्तावेजों में खामियों के चलते अटके हुए हैं। इसके अलावा कई किसानों ने अब तक आवेदन भी नहीं किया है। केंद्र व प्रदेश सरकार के निर्देश हैं कि किसान छोटा हो या बड़ा, सभी को इस योजना से संतृप्त किया जाए।उपनिदेशक कृषि श्रवण कुमार बताते हैं कि शिविर में ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी/पंचायत सचिव, लेखपाल, प्राविधिक सहायक, पंचायत सहायक, काॅमन सर्विस सेंटर के प्रतिनिधि, पोस्ट ऑफिस के प्रतिनिधि शामिल होंगे, ताकि सभी वंचित पात्र कृषकों का चिह्नीकरण तथा योजना का लाभ प्राप्त करने में आ रहीं दिक्कतों का यथासंभव त्वरित निराकरण किया जा सके। इसमें सभी तहसीलों के एसडीएम संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आयोजन कराएंगे। इसके लिए रोस्टर तैयार किया जा रहा है। शिविर के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदनों का निस्तारण एक सप्ताह में पूरा किया जाएगा। जिन गांवों में शिविर आयोजित होने हैं, वहां पर पहले से प्रचार-प्रसार किया जाएगा



































