हरियाणा के चंडीगढ़ में पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा रविवार को राजस्थान में शादी के बंधन में बधेंगे। वह उदयपुर के लीला पैलेस में सात फेरे लेंगे। समारोह में शामिल होने के लिए वीआईपी मेहमान पहुंचना शुरू हो गए हैं। एयरपोर्ट पर मेहमानों का बैंड-बाजों के साथ स्वागत किया जा रहा है।कड़ी सुरक्षा में शनिवार को पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी उदयपुर पहुंचे। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और अभिनेत्री भाग्यश्री समारोह में पहुंच गए। शादी के लिए पैलेस को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शनिवार सुबह चूड़ा सेरेमनी हुई। इसमें दोनों परिवारों के लोग शामिल हुए। इसके बाद मेहमानों के सम्मान में दोपहर का भोजन आयोजित किया गया जबकि रात को 90 के दशक की थीम पार्टी की भी योजना बनाई गई है। इसमें राघव और परिणीति के परिजन भी शामिल हुए। यह जोड़ा अपनी रिस्पेशन पार्टी चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित करेगा। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर इनका कार्ड वायरल हुआ था। परिणीति और राघव चड्ढा की शादी में शामिल होने के लिए फिल्म जगत के तमाम सितारे पहुंचेंगे। इनमें अभिनेत्री आमना शरीफ के भी शादी समारोह में पहुंचने की जानकारी है। तारक मेहता फेम शैलेश लोढ़ा भी उदयपुर कार्यक्रम स्थल पहुंच रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अर्जुन कपूर, करण जौहर और डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी जल्द उदयपुर पहुंचने वाले हैं। खबर है कि खेल जगत की दिग्गज हस्ती टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा भी कल उदयपुर पहुंच सकती हैं।