उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुधवार की रात हुई तेज बारिश के बीच यमुना नदी के पुल के दाएं छोर की दीवार एकाएक खाई में जा गिरी थी। पिछले साल की बारिश के दौरान पुल की दोनों की दीवार काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसके बाद काम चलाऊ तौर पर मिट्टी भरी बोरियों व बल्ली लगाकर किसी तरह से एप्रोच मार्ग व दीवार को साधने का प्रयास कर दिया गया था।पुल की दीवार व एप्रोच मार्ग के साथ ही पुल की बेयरिंग बदलने का काम भी होना है। बेयरिंग आने के बाद मरम्मत कार्य किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों की मानें तो पुल के करीब आठ बेयरिंग बदले जाने हैं। इस काम में तकरीबन 10 से 15 दिन लग सकते हैं।
इस बीच पुल पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। अगले दो दिनों में बेयरिंग आने की उम्मीद है। ऐसे में पुल पर यातायात रोककर जालौन व औरैया के बीच वाहनों का आवागमन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से होगा।इसके साथ ही पुल पर बैरियर लगाते हुए आधे हिस्से से टू-लेन वाहनों का आवागमन जारी रखा गया। विभाग की माने तो इसमें तीन करोड़ रुपये लगेंगे। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अमर सिंह ने बताया कि काम शुरू करा दिया गया है। उधर, बेयरिंग आने के बाद पुल पर काम शुरू कराया जाएगा। उस दौरान पुल पर यातायात पर रोक रहेगी।



































