उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में दिबियापुर। सहार ब्लॉक के लखुनो गांव में तीन साल से राजकीय नलकूप खराब पड़ा है। इसे ठीक कराने को हाईकोर्ट भी आदेश दे चुका है। इसके बाद भी सुनवाई नहीं की जा रही है।किसान शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि 20 नवंबर 2023 को इसकी शिकायत जल शक्ति मंत्री से की थी पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद गांव के श्रीनारायण सिंह ने 19 अक्तूबर 2023 को शिकायत की। मगर नतीजा सिफर ही रहा। कार्रवाई न होने पर मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा।गांव लखुनो में राजकीय नलकूप संख्या 161 स्थापित है। शुरुआती दौर में यहां के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधाएं मिलीं, इसके बाद रखरखाव के अभाव में नलकूप खराब पड़ा है।
आरोप है कि विभाग के कार्यवाहक जिलेदार ने इस नलकूप को फेल घोषित करवा दिया। इस कारण अभी तक रिबोर नहीं हो सका। इससे खेतों को पानी नहीं मिल पा रहा है जिस पर 23 अप्रैल 2025 को कोर्ट ने नलकूप रिबोर कराने व कार्यवाहक जिलेदार मदन मोहन सिंह के तबादले के आदेश दिए।किसान शैलेंद्र ने बताया कि कार्यवाहक जिलेदार लखुनो गांव का ही निवासी है। वह दो बार अपनी पत्नी को प्रधान का चुनाव भी लड़वा चुका है, लेकिन दोनों चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा।उधर, कार्यवाहक जिलेदार मदन मोहन सिंह ने बताया कि किसान के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उनकी नलकूप रिबोर रोकने में कोई भूमिका नहीं है।
उस नलकूप के पास ही उनके खेत भी हैं। उसकी हाउसिंग (जाली) फट गई थी। इससे वह खराब हो गया है। प्रक्रिया चल रही है और विभागीय स्वीकृति मिलते ही ठीक करा दिया जाएगा।किसानों ने नलकूप ठीक कराने व कार्यवाहक जिलेदार के स्थानांतरण की मांग की है। उधर, नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि उन्होंने कुछ माह पूर्व ही चार्ज लिया है। स्टाफ की कमी से जो कर्मचारी जहां तैनात है, उससे वहीं पर काम लिया जा रहा है। नलकूप के बारे में पता कराया जाएगा।


































