उत्तर प्रदेश के औरैया बिधूना की समाजवादी पार्टी के नगर महासचिव को पुलिस ने दुष्कर्म व पॉक्सो के पुराने एक पखवाड़े पूर्व दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पीड़िता के पिता ने तीन साल पहले 2019 में नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करने व शादी करने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में लगी हुई है। बिधूना के समाजवादी पार्टी के नगर महासचिव कस्बा निवासी विकास को कोतवाली पुलिस ने बुधवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में प्रभारी कोतवाली व अपराध निरीक्षक श्रीकेश भारती ने बताया कि आरोपी विकास के खिलाफ पीड़ित पिता ने तीन अक्तूबर 2023 को दुष्कर्म व पॉक्सो का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में पीड़ित पिता ने बताया कि लगभग तीन साल पहले 23 फरवरी 2019 को उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ विकास ने दुष्कर्म की घटना की थी। पुत्री ने बताया कि दुष्कर्म करने के दौरान आरोपी ने उसका वीडियो भी बनाया है। जिस पर उन्होंने तत्कालीन पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। मामला बढ़ता देख आरोपी ने अपनी इज्जत का हवाला देते हुए पीड़िता से बालिग होने पर शादी करने का आश्वासन दिया था।
बताया कि जब उसकी पुत्री बालिग हो गई और उसने विकास से शादी करने को कहा तो उसने मना कर दिया। यही नहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। प्रभारी कोतवाली श्रीकेश भारती ने बताया कि दर्ज किए गए मुकदमे के बाद पुलिस को आरोपी की तलाश थी। जिसमें पुलिस ने उसे बुधवार शाम कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। उधर समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष हिमांशु गुप्ता ने बताया कि विकास समाजवादी पार्टी के नगर महासचिव हैं। उनके ऊपर कोई मुकदमा दर्ज होने के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। यदि कोई ऐसा मामला सामने आता है तो उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। जिला मीडिया प्रभारी शोभित यादव ने बताया कि 20 सितंबर को विकास को बिधूना के नगर महासचिव पद के लिए मनोनीत किया गया था। वर्तमान में भी वह इसी पद पर हैं। यह मामला पांच साल पुराना है। जिसमें अब क्या हुआ है। इसकी जानकारी नहीं है।