उत्तर प्रदेश के औरैया। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर करमपुर निगड़ा के पास पेट्रोल पंप बिना लाइसेंस के महीनों से चल रहा था। मामले में शिकायतें भी हुई थी। पेट्रोलियम एसोसिएशन के दखल के बाद गुरुवार को अधिकारियों ने पेट्रोल पंप पर छापा मारा। इसके बाद पंप सील कर दिया गया। हाईवे पर गिरिजा फिलिंग सेंटर के नाम से महीनों से पेट्रोल पंप चल रहा था, लेकिन इस पर किसी का ध्यान नहीं गया। पेट्रोलियम एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी नेहा प्रकाश से मामले की शिकायत की गई।
इस पर गुरुवार दोपहर सदर एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह व जिला पूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्रा ने संयुक्त रूप से करमपुर निगड़ा के पास स्थित इस पेट्रोलपंप पर दबिश दी गई। जिला पूर्ति अधिकारी देवमणि ने बताया कि पेट्रोलियम एसोसिएशन की शिकायत पर गिरिजा फिलिंग सेंटर पर छापेमारी की गई है। लाइसेंस से संबंधित कागजात संचालक नहीं दिखा पाए हैं। ऐसे में पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है। कितने दिनों से पंप संचालित हो रहा था, इसकी पड़ताल की जा रही है। विभागीय कार्यवाही की जा रही है। बताया कि पेट्रोल पंप का संचालक ज्ञानेंद्र शुक्ला है।