उत्तर प्रदेश के बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के पुर्वा लछी में रविवार शाम महिला का शव घर के पीछे मौजूद तालाब से बरामद हुआ। पुलिस की सूचना पर आए परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू की है। पुर्वा लछी निवासी प्रदीप कुमार की शादी वर्ष 2020 में कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र फुलरिया निवासी स्वाती (28) से हुई थी। रविवार शाम को स्वाती का शव घर के पीछे मौजूद तालाब में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार जीतेश वर्मा, सीओ बिधूना महेंद्र प्रताप सिंह ने घटना स्थल पर जांच पड़ताल कर परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस की सूचना पर आए मृतका के भाई सुनील ने पुलिस को बताया कि बहन के ससुराल वाले उसे आए दिन प्रताड़ित करते थे।आरोप लगाया कि रविवार शाम ससुरालियों ने बहन की हत्या का शव तालाब में फेंक दिया। वहीं, मृतका के ससुर अमर सिंह ने बताया कि बेटा दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। बहू भी उसके साथ रहती थी। आठ दिन पहले दोनों घर आए थे। रविवार शाम को दोनों उज्जैन जाने वाले थे। इससे पहले दोपहर को स्वाती अपने जीजा के घर लखनहारा जाने की जिद करने लगी। मना करने पर बिना बताए घर से चली गई थी। जिसकी जानकारी उसने 112 पुलिस को दी थी। पीआरवी पुलिस उसे सराय प्रथम गांव से खोजकर घर छोड़ गई थी।घर आने के कुछ देर बाद वह घर के पीछे मौजूद तालाब के पास नहाने की बात कहकर चली गई। काफी देर तक वापस न लौटने पर उसने बेटे व परिजनों के साथ आसपास खोजबीन की पर कुछ पता नहीं चला। जिस पर ग्रामीणों की मदद से खोजने पर तालाब में शव बरामद हुआ है। अपराध निरीक्षक श्रीकेश भारती ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही हे