उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी ने अपनी मां के प्रेमी पर अपने साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसकी मां आरोपी का सहयोग करती रही।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, आरोप लगाने वाली किशोरी कक्षा 11 की छात्रा है। उसने पुलिस को बताया है कि मोहल्ला निवासी करन का उसकी मां के पास आना-जाना रहता है। करीब सात माह पहले 26 जनवरी को दोपहर में दो बजे करन उसके घर आया और मां के पास बैठा रहा। कुछ देर बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बनाया। दुष्कर्म का विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
किशोरी का कहना है कि आरोपी के जाने के बाद उसने जब यह बात मां को बताई तो उसने अनसुना कर दिया। दो दिन बाद आरोपी फिर घर आया तो मां ने उसे करन के साथ कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। दुष्कर्म करने के बाद आरोपी चला गया। किशोरी ने मां पर आरोपी का सहयोग करने का आरोप लगाया है। किशोरी की तहरीर पर शनिवार को कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। जनवरी में हुए दुष्कर्म की अब तहरीर दी गई है। किशोरी का कहना है कि आरोपी धमकाता था इसलिए वह अब तक चुप रही।कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि किशोरी अपने बयान में दुष्कर्म के आरोप से मुकर रही है। फिर भी जांच की जा रही है। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है




































