आगरा समाचार उत्तर प्रदेश के आगरा मे सीएम योगी ने बटेश्वर तीर्थ के यमुना के किनारे बने 42 शिवालयों के पास कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। यहां लेजर शो में शिव की महिमा बयां की जाएगी। वाराणसी और अयोध्या की तर्ज पर नदी किनारे बने बटेश्वर तीर्थ के शिवालयों का न केवल संरक्षण किया जाएगा, बल्कि घाटों को रिवरफ्रंट गार्डन की तर्ज पर सहेज कर पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यमुना के किनारे बने 42 शिवालयों के पास कॉरिडोर बनाया जाएगा, वहीं लेजर शो में शिव की महिमा बयां की जाएगी। 17.57 करोड़ रुपये की लागत से 17वीं सदी के प्राचीन शिव मंदिरों को संरक्षित किया जाना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिए गए वीडियो प्रजेंटेशन में बताया गया कि बटेश्वर तीर्थ के प्राचीन मंदिरों की मौजूदा स्थिति का प्रलेखन और मंदिरों के संदर्भ में डिजाइन, रूप और शैली को मूल रूप में संरक्षित किया जाएगा। इन मंदिरों के संरक्षण के बाद 9.92 करोड़ रुपये की लागत से मंदिरों पर फसाड लाइटिंग की जाएगी। रंगीन रोशनी में सफेद रंग के मंदिर अद्भुत नजर आएंगे। घोंसली मंदिर, पंचमुखेश्वर आश्रम, पंचमुखेश्वर मंदिर, भूतेश्वर मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर, रामेश्वर मंदिर, नरबंधेश्वर मंदिर, भीमेश्वर मंदिर, गौरीशंकर मंदिर, बटेश्वर नाथ मंदिर, केदारनाथ मंदिर, विश्वनाथ मंदिर, सोमनाथ मंदिर, फूटा मंदिर, बैजनाथ मंदिर, मल्लिकार्जुन मंदिर, ग्रेनीश्वर मंदिर, अमरनाथ मंदिर, बड़े बांकेबिहारी मंदिर, कमलेश्वर मंदिर, पातालेश्वर मंदिर, गोपालेश्वर मंदिर, त्रयंबकेश्वर मंदिर, ओमकारेश्वर मंदिर।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली बटेश्वर में उनके पैतृक हवेली स्थल को स्मारक बनाया जाएगा। यहां 6.50 करोड़ रुपये की लागत से अटल के घर की प्रतिकृति, स्तंभ, पार्किंग, व्याख्या कक्ष, प्रवेश द्वार, पार्क, प्रशासनिक परिसर और कैफेटेरिया बनाया जाएगा। यहां ओपन लाइब्रेरी के साथ अटल के व्यक्तित्व से जुड़े प्रसंग और फोटो भी होंगे। स्मारक में अटल की जीवन के बारे में भी लोग जान सकेंगे।