उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार रात को विवाहिता अमलेश (28) की हत्या कर दी गई। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है। मृतका के परिजन ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पति से पूछताछ की जा रही है।अमलेश अलीगढ़ के रायपुर स्थित मनीपुर की रहने वाली थीं। भाई हरेंद्र ने बताया कि बहन की शादी वर्ष 2015 में सौदागर लाइन, सदर बाजार निवासी भवानी सिंह से की थी। वह चाय की दुकान चलाता है। घर में भैंस भी पालता है। उनकी दो बेटियां हैं। इनमें सात साल की हार्दिका और तीन साल की कार्तियानी हैं। सोमवार रात को पुलिस ने फोन करके अमलेश की मौत की जानकारी दी। इस पर वो पहुंच गए।बेटी हुई, बेटा न होने पर करता था प्रताड़ित भाई ने आरोप लगाया कि अमलेश को पति परेशान करता था। उसके बेटी पैदा हुई थीं। इस कारण उस पर बेटा पैदा करने का दबाव डालता था। पांच लाख रुपये और बाइक की भी मांग कर रहा था। छह महीने पहले अमलेश मायके में आई थी। दो महीने तक ससुराल नहीं गई। पति गांव में आया था। परेशान नहीं करने का आश्वासन दिया। इस पर बहन घर चली गई। अब पति ने उसकी हत्या कर दी। उन्होंने थाना में तहरीर दी है।परिजन ने दहेज के लिए हत्या की बात कहीउधर, डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि रात में महिला की हत्या की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। घर में शव पड़ा हुआ था। मृतका के गले पर दबाने का निशान था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पति को हिरासत में लिया गया है। परिजन ने दहेज के लिए हत्या की तहरीर दी है। इस पर मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना की जा रही है।
मां को याद कर रहीं बेटियां मां की मौत के बाद दोनों बेटियों का हाल बेहाल था। वह बार-बार मां को याद कर रही थीं। परिजन उन्हें संभाल रहे थे, मगर वो रोये जा रही थीं।।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


































